शौचालय में नही डाला पानी,बहस,निकला चाकू और…..

0
10

नागपुर दिनांक 8 नवंबर (ग्रामीण प्रतिनिधि)

वाड़ी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई. शौचालय में पानी नहीं डालने को लेकर हुई बहस में एक शराबी ने पड़ोसी के रिश्तेदार को चाकू मार दिया. उपचार के दौरान जख्मी ने दम तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद से वह जेल में है.

मृतक कोहले लेआउट, वाड़ी निवासी गजानन विट्ठलराव गोंडाने (38) बताए गए. पुलिस ने गजानन की पत्नी अलका की शिकायत पर आरोपी सचिन नाना बोरकुटे (30) अब जेल में है.

सचिन हमाली का काम करता है. अलका की मां और सचिन एक ही मकान में किरायेदार है. दोनों के शौचालय कॉमन है. 31 अक्टूबर की दोपहर अलका अपनी मां के घर गई थी. इस समय सचिन अपने दोस्तों के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था. उसके दोस्तों ने शौचालय का उपयोग किया लेकिन पानी नहीं डाला. बदबू होने के कारण अलका ने सचिन को फटकार लगाई. दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई. रात को अलका के पति गजानन घर लौटे तो अलका ने विवाद की जानकारी दी.

गजानन सचिन को समझाने उसके घर पर गए. सचिन बात करने के बहाने उन्हें घर के बाहर ले गया. चलते-चलते ही पीठ पर चाकू से वारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया. गजानन को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया.

पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सचिन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस हिरासत के बाद 2 दिन पहले न्यायालय ने उसे जेल रवाना कर दिया. रविवार की दोपहर गजानन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने अब इस प्रकरण में हत्या की धारा लगाई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here