भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी अपने और अपने परिवार के लिए एक दूसरा घर बना रहे हैं। जी हां, सही सुना आपने, लेकिन ये घर भारत में नहीं बल्कि विदेश में होगा।
मिली जानकारी के अनुसार मुकेश अंबानी ने लंदन में अपना दूसरा घर खरीदा है। उन्होंने लंदन के बकिंघमशायर स्थित 300 एकड़ के स्टोक पार्क को खरीद लिया है और अपने हिसाब से उसमें बदलाव करवा रहे हैं। खबर ये है कि इस बार की दिवाली उन्होंने अपने दूसरे घर में ही मनाई है।
कहा जा रहा है कि भारत में लॉकडाउन के दौरान अंबानी ने अपना अधिकतर समय अपने मुंबई के घर एंटीलिया में गुजारा। उस वक्त अंबानी और उनके परिवार को यह महसूस हुआ कि उनके पास एक दूसरी प्रॉपर्टी भी होनी चाहिए जिसे वह अपना घर कह सकें। ऐसे में उन्होंने लंदन में प्रॉपर्टी खरीदने का फैसला किया।
बताया जा रहा है कि यह प्रॉपर्टी उन्होंने करीब 592 करोड़ रुपये में पिछले ही साल खरीदी है। इस घर को अंबानी परिवार के हिसाब से सुसज्जित करने का काम चल रहा है।
मुकेश अंबानी के लंदन वाले इस घर में 49 बेडरूम बताए जा रहे हैं। वहीं अंबानी के इस घर में एक मिनी अस्पताल भी बनाया जा रहा है। भारत में आमतौर पर निजी अस्पतालों को तरजीह दी जाती है, लेकिन लंदन में अधिकतर अस्पताल सरकार के हैं। ऐसे में मुकेश अंबानी ने अपने ही घर में एक छोटा अस्पताल बनाने का फैसला किया है। इस घर में मुकेश अंबानी अपने हिसाब से हर सुविधा रख रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने लंदन के ही घर में दिवाली मनाई है। वह दिवाली से पहले वहां चले गए थे और फिर वापस लौटे। बताया जा रहा है कि मुकेश अंबानी अगले साल अप्रैल में इस घर में शिफ्ट होंगे, जब उनके नए घर में सब कुछ तैयार हो जाएगा। मुकेश अंबानी ने स्टोक पार्क को ही इसलिए चुना क्योंकि वह एक ऐसी जगह पर घर लेना चाहते थे जो खुले में हो ना कि एंटीलिया की तरह भीड़भाड़ वाली जगह पर हो।






