पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी की घोषणा की। हालांकि अभी चुनाव आयोग से अनुमोदन मिलना बाकी है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि मैंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेज दिया है। पंजाब लोक हित कांग्रेस नई पार्टी का नाम होगा। हालांकि अभी पंजीकरण अभी बाकी है। पार्टी का चुनाव चिह्न बाद में मिलेगा।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक ट्वीट में लिखा कि नई पार्टी का नाम ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ है। पंजीकरण चुनाव आयोग के पास अनुमोदन के लिए लंबित है। पार्टी के चिह्न को बाद में मंजूरी दी जाएगी।
आपको बता दें कि पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपमानित महसूस करते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की इनसे भी नहीं बनती है और समय-समय पर वो विवादित बयान देते रहते हैं।
बढ़ गया था सिद्धू-अमरिंदर तनाव
अपनी महत्वकाक्षाओं के चलते नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिसके बाद पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी ने तीन सदस्यीय समिति का गठन कर इस विवाद को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया था कि वो नवजोत सिंह सिद्धू को न तो प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पद देना चाहते हैं और न ही उपमुख्यमंत्री का।






