एनसीपी नेता नवाब मलिक (Nawab Malik) के आरोपों का जवाब देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की पत्नी अमृता फडणवीस (Amrita Fadnavis) सोमवार शाम सामने आईं.
अमृता फडणवीस ने कहा कि, ‘नवाब मलिक अगर मर्द हैं तो सीधा देवेंद्र फडणवीस को टारगेट करें. मुझे बीच में ना लाएं. मैं एक राजनेता नहीं हूं, एक सामाजिक कार्यकर्ता हूं. साथ ही बैंकर और सिंगर हूं. मेरी एक अपनी आइडेंटिटि है. मैं कई एनजीओ से जुड़ी हुई हूं. उन्हीं में से एक ‘रिवर मार्च’ नाम की संस्था है. यह संस्था नदियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम करती है.
मैंने मुंबई शिफ्ट होने के बाद मुंबई के लिए कुछ करना चाहा. इसी बीच इस संस्था के लोग मुझसे मिले. मैंने इस एनजीओ के लिए बिना कोई शुल्क लिए एंथम तैयार करने में उनका सहयोग किया. हमारी नीयत पर कोई संदेह नहीं कर सकता.
‘बेनकाब नवाब भी होता है, वह जरूर होगा’
अमृता फडणवीस ने कहा कि, ‘ जयदीप राणा का जो जिक्र किया जा रहा है, उन्होंने सद्गुरु जग्गी वासुदेव के ईशा फाउंडेशन के लिए गाना बनाया था. सचिन गुप्ता इस गाने के क्रिएटिव हेड थे. मुझे वो पसंद आया था. मैं सद्गुरु जग्गी वासुदेव से जुड़ी हुई हूं. गाना पसंद आने के बाद हमने इसे मुंबई की नदियों की स्थिति सुधारने के लिए एंथम के तौर पर इस्तेमाल करना चाहा.
इस गाने में शाहरुख और सलमान खान जैसे सुपरस्टार को नहीं लिया गया. सबने बिना पैसे लिए इस पर काम किया. क्यों? क्योंकि हम सबको मुंबई से प्यार है. मैंने नदियों के संवर्धन के लिए यह रिवर एंथम गाया. नेक इरादे से काम किया. अगर मुझ पर हमला किया गया तो मैं छोड़ूंगी नहीं. नवाब मलिक का मतलब है बिगड़े नवाब. बेनकाब नवाब भी होता है और वो जरूर होगा. नवाब मलिक बेनकाब होकर रहेंगे.’






