हुड़केश्वर इलाके में मामूली विवाद में एक बदमाश ने पोल्ट्री फार्म संचालक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। मृतक देवदर्शन उर्फ बालू मेश्राम (45), प्लाॅट नं.-117, न्यू नेहरू नगर, पिपला फाटा, हुड़केश्वर निवासी है। मृतक की पत्नी सुलोचना मेश्राम की शिकायत पर हुड़केश्वर पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।
देवदर्शन की मेडिकल अस्पताल में मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज किया। फरार आरोपी सूरज विलास बागड़े (25), प्लॉट नं.-64 न्यू. नेहरू नगर निवासी की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार देवदर्शन को आरोपी सूरज बागड़े ने मौत के घाट उतारा।
थाने में शिकायत करने से नाराज था आरोपी : दरअसल, देवदर्शन मेश्राम के मकान का काम शुरू था। उसने घर के सामने टीन रखे थे। इससे नाराज बस्ती में रहने वाला आरोपी सूरज विलास बागड़े ने घर के सामने टीन रखने पर देवदर्शन के साथ गालीग-गलौज की। देवर्दशन ने जब आरोपी सूरज के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में शिकायत की, तो इससे आरोपी सूरज आगबबूला हो गया। इस दौरान संजय गांधी चौक में देवदर्शन और सूरज की मुलाकात हुई और सूरज ने देवदर्शन के साथ गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी देने के बाद अपने घर चला गया।
पश्चात देवदर्शन सूरज को समझाने उसके घर गया तो सूरज ने देवदर्शन के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर जख्मी कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उप-निरीक्षक प्रमोद खंडार सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल देवदर्शन को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान देवदर्शन की मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुलोचना मेश्राम की शिकायत पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू की






