उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में महाराष्ट्र सत्तारूढ़ गठबंधन ने 11 अक्टूबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है.
एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के सत्तारूढ़ गठबंधन महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) ने शनिवार को कहा कि यह दिखाने के लिए बंद का आह्वान किया गया है कि राज्य देश के किसानों के साथ है. शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में 11 अक्टूबर को महाराष्ट्र में बंद में पूरी ताकत से भाग लेगी.
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा लखीमपुर खीरी में जो हुआ वह लोकतंत्र की हत्या थी। कानूनों का उल्लंघन था, देश के अन्नदाता किसान को मारने की साजिश थी। उन्होंने कहा कि हम लोगों से अपील करते हैं कि वह एकजुट हों। हमें एक दिन के लिए अपना काम बंद करना होगा। दुकानदार स्वयं से ही अपनी दुकानें बंद रखें। उन्होंने कहा कि तीनों पार्टियों के कार्यकर्ता दुकानों, प्रतिष्ठानों और लोगों से किसानों के लिए समर्थन दिखाने का अनुरोध करेंगे।संजय राउत ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक और राज्य कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत भी थे। नवाब मलिक ने कहा कि महाराष्ट्र बंद रविवार मध्य रात्रि से लागू हो जाएगा। हम कार्यकर्ताओं से आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर, दूध सप्लाई में बाधा न डालने की अपील करते हैं।






