कलमना में मिली महिला की लाश की तफ्तीश में बड़ा खुलासा, 2 गिरफ्तार

0
12

नागपूर दिनांक 1 दिसंबर ( प्रतिनिधी )

कलमना थानांतर्गत पावनगांव परिसर में बीते सोमवार की सुबह एक खेत में महिला की लाश मिली थी. प्राथमिक जांच में ही हत्या का खुलासा हो गया लेकिन मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई थी. जैसे ही महिला की शिनाख्त हुई हत्यारों का भी पता चल गया. इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पकड़े गए आरोपियों में नवकन्यानगर, कलमना निवासी घनश्याम सुधाकर उइके (33) और लोकेश सुधाकर उइके (23) का समावेश है. मृतका की पहचान रजनी राधेश्याम पेंदाम (27) के रूप में हुई. 28 नवंबर की सुबह पावनगांव में प्रफुल इटकेलवार के खेत में रजनी की लाश मिली थी. गले पर गहरे निशान दिखाई दिए. डॉक्टरों ने गला घोटकर हत्या किए जाने का खुलासा किया.

कलमना पुलिस ने आसपास के इलाकों में फोटो वायरल किए. एक व्यक्ति ने पुलिस को जानकारी दी कि मृतका कामठी के रमानगर इलाके में रहने वाली ललिता उमेश सड़माके की बेटी है. पुलिस ललिता के घर पहुंची. उसने रजनी को पहचान लिया और बताया कि उसने अपने पति और बच्चों को छोड़ दिया है. पिछले 3 वर्षों से वह घनश्याम उइके के साथ रहती है. दोनों के संबंधों का पता चलते ही पुलिस घनश्याम के घर पहुंची.

घनश्याम ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन बाद में हत्या करना कबूला. 27 नवंबर को रजनी और घनश्याम का विवाद हुआ था. घनश्याम ने गुस्से में उसका सिर जमीन पर पटक दिया. जख्मी होने के बाद उसने दुपट्टे से रजनी का गला घोटकर मार डाला.

देर रात अपने भाई लोकेश की मदद ली. दोनों शव को मोटरसाइकिल पर पावनगांव ले गए और खेत में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय ने उन्हें पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here