भारत दिनांक 15 दिसंबर( प्रतिनिधि)
तमिलनाडु में वायुसेना हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे में एकमात्र जीवित बचे यूपी के देवरिया जिले के रहने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का आज निधन हो गया. उनका बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में इलाज चल रहा था.
इस हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका समेत 13 शूरवीर की पहले ही मौत हो चुकी थी. कई दिनों से ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से बीच झूल रहे थे लेकिन अफसोस वे बच नहीं सके. भारतीय वायुसेना ने इस बात की जानकारी दी है.
गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर जानकारी दी कि,’भारतीय वायुसेना को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए गहरा दुख हुआ है, जिनकी आज सुबह 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर दुर्घटना में हुई चोटों के कारण मृत्यु हो गई. भारतीय वायुसेना गहरी संवेदना व्यक्त करता है और शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है.’
तमिलनाडु के कुन्नूर के पास 8 दिसंबर को वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य 11 लोगों की मौत हो गई थी. दुर्घटना में ग्रुप कैप्टन अकेले जीवित व्यक्ति बचे थे, जबकि अन्य सभी की मौत हो चुकी थी. गत बुधवार को हुए इस हेलीकॉप्टर हादसे में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैन्यकर्मियों को मृत्यु हो गई थी. वहीं वरुण सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए थे.






