नागपुर दिनांक 9 दिसंबर (प्रतिनिधि)
शादी से इनकार करने पर एकतरफा प्यार करने वाला युवक इतना बौखला गया कि उसने युवती को बहाने से मॉल में बुलाकर हत्या कर दी. शक के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो वह 3 दिनों तक बरगलाता रहा. आखिर जब उसने सच उगला तो एम्प्रेस मॉल के चौथे माले पर युवती की सड़ी गली लाश मिली.
आरोपी का नाम मोमिनपुरा निवासी मुजाहिद अंसारी (22) बताया गया है जबकि मृतका का नाम गड्डीगोदाम निवासी फरजाना कुरैशी (20) है.
जानकारी के अनुसार फरजाना के घर में मां और 2 छोटे भाई हैं. मुजाहिद को फरजाना से एकतरफा प्यार था. उसने फरजाना के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा था लेकिन फरजाना ने उसे फटकारते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया था. तब से वह मन में गुस्सा भरकर बदला लेने का सोच रहा था. एकतरफा प्यार का जुनून फरजाना की हत्या तक आ गया.
2 तारीख को मॉल में लाया
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुजाहिद ने 2 दिसंबर को फरजाना को कॉल करके एम्प्रेस मॉल में मिलने बुलाया और चौथे माले पर ले गया. यहां निर्माण अधूरा होने से किसी का भी आना-जाना नहीं है. इससे पहले कि फरजाना उसके इरादे समझ पाती, मुजाहिद ने उसकी हत्या करके वहां से फरार हो गया. इधर, रातभर बेटी के घर न आने पर उसकी मां ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई.
पुलिस ने जब फरजाना का सीडीआर निकाला तो मुजाहिद से बातचीत का पता चला. 3 दिसंबर को ही शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी लेकिन वह पुलिस को बरगलाता रहा. चूंकि पुलिस को यकीन था कि मुजाहिद कोई बड़ी बात छुपा रहा है, उससे लगातार पूछताछ जारी रही. आखिर 5 दिनों के बाद मुजाहिद ने सच उगल दिया और बताया कि उसने एम्प्रेस मॉल के चौथे माले पर फरजाना की हत्या कर दी.
सड़ चुकी थी लाश
जिस बात का शक था वही सामने आया. ऐसे में पुलिस तुरंत मुजाहिद को लेकर एम्प्रेस मॉल पहुंची. लेकिन घटनास्थल पर जाने पर फरजाना की लाश बेहद सड़ी गली अवस्था में मिली. गणेशपेठ थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा.






