देसी शराब की दुकान से पैसे और शराब लूटी, पार्टी के पहले ही…

0
13

नागपुर दिनांक 4 दिसंबर( शहर प्रतिनिधि)

सक्करदरा थानांतर्गत आशीर्वादनगर स्थित देसी शराब की दुकान से शराब और काउंटर में रखे 21,000 रुपये समेत 29,455 रुपये की लूट करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने कुही से अरेस्ट कर लिया. चारों पर पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपी बीड़ीपेठ निवासी मूसा उर्फ बालकृष्ण रविदास (36), नागेश रमेश टेकाम उर्फ नाग्या (26), कुही निवासी अमोल उर्फ गोलू कृष्णाजी कोहले (26) और गौरव रामकिसन बोरकर (25) बताए गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागेश पर लूट समेत जुआ, मूसा पर जुआ समेत अन्य आपराधिक धाराओं में मामले दर्ज हैं. इसी प्रकार, अमोल पर हत्या व अन्य जबकि गौरव पर भी गई गंभीर मामले हैं. गौरव को 2 साल के लिए तडीपार कर उमरेड भेजा गया था.

पीनी की शराब, वापसी के लिए चाहिए थे पैसे

जानकारी के अनुसार गौरव ने उमरेड में किसी के साथ झगड़ा किया और 2 दिन पहले ही भागकर नागपुर आ गया. वह यहां अमोल से मिला. तड़ीपारी में होने के बाद उमरेड वापस जाने के लिए उसे पैसे चाहिए थे. साथ ही शराब भी पीनी थी. उसने किसी देसी वाइन शॉप में शराब लूटने की योजना बनाई. उसने नागेश और मूसा को भी साथ ले लिया. रात करीब 1.45 बजे चारों आशीर्वादनगर स्थित अमोल कंट्री लिकर शॉप पर पहुंचे. काउंटर पर उन्होंने देखा कि गल्ला खुला हुआ है और उसमें काफी नोट रखे हुए हैं. उनकी नीयत फिर गई और वह गल्ले में रखे 21,000 रुपये समेत 7 देसी बोतल शराब लूटकर वहां से भाग गये.

CCTV के डर से बदले कपड़े

लूट के बाद चारों वहां से भागकर मेन रोड पर आए और एक ऑटो चालक को कुही चलने के लिए कहा लेकिन काफी दूर होने के चलते ऑटो चालक ने चलने से मना कर दिया. फिर चारों आरोपी दिखोरी पहुंचे. वहां उन्होंने एक प्राइवेट कैब वाले को कुही चलने के लिए मनाया. कुही के रास्ते में चारों ने अपने कपड़े भी बदले ताकि आगे कहीं नाकेबंदी पर पुलिस को सीसीटीवी रिकार्डिंग से मिली जानकारी के आधार पर चकमा दिया जा सके. इससे पहले आरोपियों ने रास्ते में रुककर कुही में पार्टी मनाने के लिए जिंदा मुर्गा भी खरीदा.

कैब ड्राइवर सभी को कुही में गौरव के ससुर के यहां पहुंचाकर लौट आया. लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की मदद से पहले ऑटो चालक और फिर टैक्सी के नंबर से उसके ड्राइवर तक पहुंच गई. ड्राइवर ने पुलिस को गौरव के ससुर के घर के बारे जानकारी दे दी.  जब चारों आरोपी जब पार्टी की तैयारी कर रहे थे तब ही पुलिस ने पहुंचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here