3 देशों में मिला कोराेना का नया वैरिएंट,बेहद संक्रामक,मचा हड़कंप

0
14

बोत्सवाना, साउथ अफ्रीका और हॉन्ग कॉन्ग में कोरोना के नए वेरिएंट B.1.1529 के मामले सामने आए हैं. यह वेरिएंट पहले के वेरिएंट के मुकाबला ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है.

दक्षिण अफ्रीका के विज्ञानियों ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने कोविड-19 के नए वैरिएंट का पता लगाया है। बी.1.1.529 नामक इस वैरिएंट में बहुत असामान्य बदलाव हैं, जो चिंता पैदा करते हैं। इन बदलावों के कारण नया वैरिएंट प्रतिरक्षा प्रणाली को भेद सकता है और वायरस को अधिक संक्रामक बना सकता है। दक्षिण अफ्रीका में ही पिछले साल पहली बार बीटा वैरिएंट प्रकाश में आया था।

विज्ञानियों ने संवाददाताओं से कहा, ‘प्रयोगशाला से मिले प्रारंभिक लक्षणों में बताया गया है कि नया वैरिएंट अधिक आबादी वाले प्रांत गाउटेंग प्रांत में तेजी से फैल रहा है। आशंका है कि यह वैरिएंट देश के अन्य प्रांतों में भी पहुंच गया होगा।’ दक्षिण अफ्रीका ने बी.1.1.529 वैरिएंट के करीब 100 नमूनों की पुष्टि की है। इस वैरिएंट के नमूने बोत्सवाना व हांगकांग में भी पाए गए हैं। विज्ञानियों का मानना है कि गाउटेंग प्रांत में 90 फीसद मामले इसी वैरिएंट के हैं।

राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान ने एक बयान में कहा, ‘फिलहाल हमारे पास सीमित आंकड़े उपलब्ध हैं। विशेषज्ञ नए वैरिएंट के संबंध में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए आंकड़ों का विश्लेषण कर रहे हैं।’ दक्षिण अफ्रीका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से कार्य समूह गठित करके इस वैरिएंट पर चर्चा कराने की अपील की है। प्रेट्र के अनुसार, नए वैरिएंट ने अबतक 22 लोगों को संक्रमित किया है।

वहीं दूसरी ओर ब्रिटिश विशेषज्ञों ने एक नए कोविड वेरिएंट बोत्सवाना को लेकर चेतावनी जारी की है। कोरोना के बोत्सवाना वैरिएंट को अभी तक वायरस का सबसे म्यूटेंटड वर्जन बताया जा रहा है। डेली मेल की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी आइएएनएस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अब तक इस नए स्ट्रेन के केवल 10 मामलों का पता चला है। इसको एनयू वैरिएंट नाम दिया गया है। इससे पहले इसे तीन देशों में देखा जा चुका है। आशंका है कि यह वैरिएंट ज्‍यादा संक्रामक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here