नवाब मलिक के खिलाफ एनसीबी ऑफिसर समीर वानखेड़े के पिता की अर्जी पर बॉम्बे उच्च न्यायालय के फैसले से पहले महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता मलिक ने एक और ‘फोटो बम’ फोड़ा है।
नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े की पहली शादी की एक कथित तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह जालीदार टोपी पहने हैं और संभवतः काज़ी के साथ बैठे दिख रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए नवाब मलिक ने एक बार फिर से अपने उन दावों को बल दिया है, जिसके मुताबिक समीर वानखेड़े ने सरकारी नौकरी पाने के लिए फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाया था।
तस्वीर को शेयर करते हुए नवाब मलिक ने लिखा है, ‘कबूल है, कबूल है, कबूल है…यह क्या किया तूने Sameer Dawood Wankhede?’
इससे पहले नवाब मलिक वानखेड़े और उनकी पहली पत्नी शबाना कुरैशी की तस्वीर के साथ ही उन दोनों का निकाहनामा भी ट्वीट कर चुके हैं और यह दावा कर चुके हैं कि दोनों की शादी इस्लामिक रीति-रिवाज से हुई थे। वहीं, समीर वानखेड़े लगातार इन आरोपों को खारिज करते आए हैं। उन्होंने अपने परिवार के कई सदस्यों के जाति प्रमाणपत्र भी साझा किए, जिसके मुताबिक वे महार हैं, जो पिछड़ी जाति में आते हैं।
बता दें कि मामले में समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव वानखेड़े ने नवाब मलिक के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का केस दर्ज किया था। इसको लेकर 12 नवंबर को कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। ध्यानदेव वानखेड़े ने अपनी अर्जी में महाराष्ट्र के मंत्री पर उनके परिवार के खिलाफ कोई भी बयान देने से रोक लगाने की भी मांग की थी।






