प्रियंका गांधी(priyanka gandhi) ने यूपी (UP)चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि कांग्रेस (congress)अकेले चुनाव लड़ेगी. यदि कांग्रेस को जीतना होगा तो पार्टी अपने दम पर जीतेगी. उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि पार्टी प्रदेश की हर सीट पर कांग्रेस कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाएगी.
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यूपी में न सपा लड़ रही है और ना ही बसपा, सिर्फ कांग्रेस लड़ रही है. प्रियंका गांधी ने कहा कि कोरोना वायरस हो या कोई और संकट, कांग्रेस के कार्यकर्ता ही हैं जो लोगों की मदद के लिए आगे आए. उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्नाव, लखीमपुर खीरी या हाथरस की घटनाओं के खिलाफ सपा या बसपा के लोग खड़े हुए थे? कांग्रेस ने संघर्ष किया.
प्रियंका गांधी ने कहा कि जो आजादी के लिए नहीं लड़े वे स्वतंत्रता का सम्मान नहीं कर सकते. जो व्यक्ति घर बनाता है, उसके मन में इसके लिए अलग तरह का प्यार रहता है लेकिन आने वाली पीढ़ी को जब ये मुफ्त में मिलता है तो उसके मन में अलग तरह की भावना रहती है. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को निशाने पर लेते हुए कहा कि इसीलिए वे आजादी की अहमियत नहीं समझ पा रहे हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई, हम सद्भाव भी लेकर आए.






