भारत दिनांक 12 नवंबर (विशेष प्रतिनिधि)
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 12,516 नए मामले सामने आए और 501 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,44,14,186 हो गई है। इनमें से 4,62,690 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,37,416 हो गई है।
सरकार ने चेतावनी जारी की है कि कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों को दिसंबर तक विशेष सावधानी बरतनी होगी।
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,155 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,38,14,080 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.26 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,65,286 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 62.11 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,10,79,51,225 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 53,81,889 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।






