भारत को आजादी 2014 में मिली और जो 1947 में मिली, वो भीख थी यह कहना अभिनेत्री कंगना रनौत को भारी पड़ता दिख रहा है
फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ देश की आजादी को भीख कहने के लिए शिकायत दर्ज की गई है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रीति मेनन ने मुंबई में कंगना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कंगना की टिप्पणी को देशद्रोह बताते हुए मुंबई पुलिस से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी (Varun Gandhi) ने बृहस्पतिवार को अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की उस कथित टिप्पणी पर निशाना साधा, जिसमें रनौत ने कहा था कि भारत को आजादी 2014 में मिली और जो 1947 में मिली, वो भीख थी. वरुण गांधी ने अभिनेत्री का एक वीडियो क्लिप भी साझा किया जिसमें एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान रनौत को यह कहते सुना जा सकता है, ”वह आजादी नहीं, बल्कि भीख थी और जो आजादी मिली है वह 2014 में मिली.”
कंगना रनौत की आलोचना करते हुए गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान और अब शहीद मंगल पांडेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार. इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?’






