महाराष्ट्र दिनांक 9 नवंबर( विशेष प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन के आरोपों पर एनसीपी नेता नवाब मलिक ने पलटवार किया है। मलिक ने फडणवीस का आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने दिवाली बाद जिस बम को फोड़ने की बात कही थी वह फूटा ही नहीं बल्कि फुस्स हो गया।
उन्होंने कहा कि मैं बुधवार की सुबह 10 बजे देवेंद्र फडणवीस और उनके अंडरवर्ल्ड कनेक्शन का हाइड्रोजन बम जरूर फोडूंगा।
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि वह बुधवार को देवेंद्र फडणवीस के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन का खुलासा करेंगे। मलिक ने कहा कि सभी आरोप निराधार हैं। मेरा अंडरवर्ल्ड से कोई संबंध नहीं था और मैंने कभी भी मुंबई ब्लास्ट के दोषी से जमीन नहीं खरीदी।
एनसीपी नेता ने कहा कि एक माहौल खड़ा किया गया कि नवाब मलिक के बम ब्लास्ट के आरोपियों से संबंध हैं। आज एक जगह को लेकर आपने लोगों के सामने कुछ कागज रखे कि हमने 1.5 लाख फुट जमीन कौड़ी मोल माफिया के जरिए खरीदी। हमें लगता है कि आपके मुख़बिर कच्चे खिलाड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि मैं कल सुबह 10 बजे महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस का अंडरवर्ल्ड का क्या खेल है और उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए किस तरह से अंडरवर्ल्ड के जरिए पूरे शहर को होस्टेज बना रखा था इसकी जानकारी दूंगा।
मलिक ने कहा कि मेरे 26 वर्षीय राजनैतिक जीवन में अभी तक इस तरह के आरोप किसी ने नहीं लगाए हैं। इस जमीन को मैंने उस समय जो भी रेट चल रहा था उसके हिसाब से खरीदा था।






