महाराष्ट्र दिनांक 8 नवंबर (विशेष प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) में मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) ने नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारी समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) के एक और रिश्तेदार पर सवाल उठा दिए हैं.
इस बार उन्होंने एनसीबी अधिकारी की पत्नी क्रांति रेडकर की बहन हर्षदा दीनानाथ रेडकर (Harshada Dinanath Redkar) के ड्रग्स के कारोबार से जुडे़ होने की बात कही है. मलिक ने सोमवार को यह आरोप ट्वीट के जरिए लगाए और साथ ही दावों को साबित करने के लिए स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए हैं. हालांकि, वानखेड़े ने भी मंत्री के आरोपों पर सफाई जारी कर दी है.
नवाब मलिक ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘समीर दाऊद वानखेड़े, क्या आपकी साली हर्षदा दीनानाथ रेडकर ड्रग्स बिजनेस में शामिल हैं? आपको जवाब देना होगा, क्योंकि उनका मामला पुणे कोर्ट के पास लंबित है.’ मलिक ने ट्वीट में ही कुछ स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए. हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता ने वानखेड़े पर ट्वीट और तस्वीरों के जरिए आरोप लगाए हैं. इससे पहले भी वे एनसीबी अधिकारी के ‘निकाहनामा’ समेत कई तस्वीरें शेयर कर चुके हैं.
वानखेड़े ने सफाई में कहा…..
वहीं समीर वानखेड़े का कहना है कि जनवरी 2008 में जब यह मामला हुआ, तब वे सेवा में भी नहीं थे. एनसीबी अधिकारी ने कहा कि उन्होंने क्रांति रेडकर से 2017 में शादी की है. साथ ही इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि आखिर वे कैसे इस मामले से जुड़े हो सकते हैं.






