नागपूर दिनांक 17 अक्टूबर (प्रतिनिधी)
किशोरावस्था में ही अपनी परिचित लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. अश्लील फोटो और वीडियो बनाए. बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शोषण करता रहा.
कुछ दिन पहले उसने पैसे के लिए ब्लैकमेल किया. परेशान युवती ने मामले की शिकायत धंतोली पुलिस से की. 19 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर लाखनी, भंडारा निवासी प्रणय संजय वाहाने (20) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. प्रणय और पीड़िता का परिवार एक-दूसरे को जानता था.
वर्ष 2016 में प्रणय ने उसे अपने जाल में फंसाया. शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया. इस वजह से पीड़िता ने प्रणय से बातचीत बंद कर दी. इसके बाद भी प्रणय ने उस पर दबाव बनाया और मारपीट की. अश्लील वीडियो परिवार वालों को बताने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा.
धंतोली परिसर में स्थित एक होटल बुक करके युवती को वहां बुलाता था. कुछ दिन पहले उसने युवती के फोन पर अश्लील वीडियो भेजा. वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 2,000 रुपये की मांग की. पीड़िता उसकी हरकतों से परेशान हो चुकी थी. उसने मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने पोक्सो एक्ट सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर प्रणय को गिरफ्तार कर लिया.






