महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने शुक्रवार को नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) पर निशाना साधा.
नागपुर में पहली डीएनए टेस्टिंग लैब के उद्घाटन में वर्चुअली शामिल हुए ठाकरे ने कहा, ‘एक छाप तैयार की जा रही है कि महाराष्ट्र में ड्रग्स तस्करी की एक लहर है. जैसे कि दुनियाभर का ड्रग्स महाराष्ट्र में ही तैयार किया जा रहा है और केवल एक खास टीम ही इस रैकेट को नाकाम कर सकती है. लेकिन यह सच नहीं है.’ इससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक भी एनसीबी पर आरोप लगा चुके हैं.
ठाकरे ने कहा कि ड्रग्स प्रकोप को रोकने के लिए महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस पर उन्हें गर्व है. उन्होंने कहा, ‘कुछ दिनों पहले मुंबई पुलिस ने 25 करोड़ की हेरोइन पकड़ी थी, लेकिन इसमें कोई हीरोइन शामिल नही थी, तो इसके बारे में किसी ने बात नहीं की. किसी को भी उन पुलिसवालों का नाम नहीं पता. हमें उनका सम्मान करना चाहिए.’






