सदर छावनी स्थित कोलबा स्पोर्ट्स कैफे में चल रहे हुक्का पार्लर पर पुलिस ने छापा मारा और पार्लर के दो संचालक, प्रबंधक सहित कर्मचारियों के खिलाफ सदर थाने में प्रकरण दर्ज किया। दो संचालक व प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई से कुछ समय के लिए मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट क्र.-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि, कैफे की आड़ में हुक्का पार्लर चलाया जा रहा है। इसे पुलिस ने गंभीरता से लेकर परिसर को घेर लिया और कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान विविध फ्लैवर का प्रतिबंधित तंबाकू जब्त किया गया। कैफे में नशे के लिए युवाओं को सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी। ज्यादातर संभ्रात परिवार के युुवा देर रात कैफे में डटे रहते थे। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी फैल गई।
कार्रवाई के दौरान हुक्का पॉट, तंबाकू, टेबल-कुर्सी, फ्रिज आदि समेत कुल 1 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। निरीक्षक किशोर पर्वते, सहायक निरीक्षक गणेश पवार, उप-निरीक्षक मोहेकर, राजेश तिवारी, आशीष क्षीरसागर, शेषराव राऊत आदि ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
कार्रवाई के दौरान संचालक आकिफ रेहान अकबर अली (31), रोज कालोनी, जाफर नगर, शेख समीर वकील अहमद (26), गिट्टीखदान, प्रबंधक आर्यन मनोज सत्येल (21) को गिरफ्तार किया गया, जबकि कर्मचारी मंगेश सुखदेव वानखेड़े (26) और अन्य तीन कर्मचारियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।






