नागपूर दिनांक 21 सितंबर ( प्रतिनिधी )
उत्तर नागपुर के नई बस्ती में पानठेले की आड़ में चल रहे एक हुक्का पार्लर पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान कुछ युवक-युवतियां हुक्का पीते मिले।
पार्लर संचालक व मालिक शहीद अख्तर अहमद अली अंसारी (32), टेका नई बस्ती, सिद्धार्थ नगर निवासी के खिलाफ पांचपावली थाने में कोटपा के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पार्लर संबंधित क्षेत्र की पुलिस के संरक्षण में चलने के कारण विशेष दस्ते को कार्रवाई करने के लिए कदम उठाना पड़ा।
विशेष दस्ते की दबिश, संबंधित क्षेत्र की पुलिस को मालूम ही नहीं : पुलिस के अनुसार शहीद अख्तर अंसारी का नई बस्ती इलाके में गुलशन पान पैलेस एंड कैफे है। यह कैफे देर रात तक शुरू रहता यह बात संबंधित इलाके की पुलिस को भी मालूम है, बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। पान पैलेस की आड़ में हुक्का पार्लर संचालित किया जाता है, यह इस छापेमारी के बाद सामने आया। हुक्का पार्लर एक कमरे के भीतर चल रहा था। इस कमरे में चुनिंदा ग्राहकों को ही अनुमति मिलती थी।
इस दौरान कमरे से टेबल पर 1 चालू पॉट व टेबल के नीचे एक पॉट सहित 2 हुक्का पॉट, 2 पाईप, 2 स्टैंड व 19 विविध प्रकार के 68 तंबाकू मिश्रित हुक्का फ्लेवर के पैकेट मिले। आरोपी शहीद अख्तर से जब फ्लेवर खरीदने के बारे में पूछताछ की गई, तो वह टालमटोल जबाब देने लगा। उसने पुलिस को बताया कि, करीब 2 माह से वह पार्लर चला रहा है।
पार्लर से करीब 15,150 रुपए का माल जब्त किया गया। आरोपी शहीद को हिरासत में लेकर कोटपा की कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पांचपावली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।






