महिला ने बॉयफ्रेंड को दी पति को मारने 40 हजार की सुपारी,पूछताछ में बड़ा खुलासा

0
12

नागपूर दिनांक 25 ऑगस्ट ( शहर प्रतिनिधी)

कलमना के भरतवाड़ा इलाके में एक महिला ने पति की हत्या के लिए 40 हजार रुपए की सुपारी दी थी। पति की जान बच जाने से मामला खुलकर सामने आ गया। घायल महेश बाढई को शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है।

महेश की हत्या के प्रयास के आरोप में कलमना पुलिस ने उसकी पत्नी मीनाक्षी महेश बाढई, मीनाक्षी के दोस्त रोहित विजय गावतुरे और महेश तुलसीराम गेडाम को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मीनाक्षी ने ही पति महेश बाढई की हत्या की साजिश रची थी। कलमना के थानेदार विनोद पाटील के मार्गदर्शन में मामले की जांच शुरू है।

दोस्त को शामिल किया

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भरतवाड़ा निवासी महेश बाढई की मीनाक्षी के साथ शादी हुई थी। महेश वाहन चालक है। महेश और मीनाक्षी को 5 साल का बेटा और साढ़े 3 साल की बेटी है। करीब दो वर्ष से मीनाक्षी की किसी अन्य पुरुष से दोस्ती हो गई थी, तब से वह पति को रास्ते से हटाने के जुगाड़ में थी।

इस काम के लिए मीनाक्षी ने अपने दोस्त रोहित गावतुरे को भी शामिल कर लिया और उसे 40 हजार रुपए की सुपारी दी थी। रोहित ने सुपारी लेने के बाद अपने दोस्त महेश गेडाम को भी इस कार्य में शामिल कर लिया।

 

योजना के तहत दरवाजा खुला रखा

योजना के तहत, रविवार की रात करीब 12.30 बजे मीनाक्षी ने कमरे का दरवाजा खुला रखा। आरोपी रोहित और उसका दोस्त महेश गेडाम कमरे में दाखिल हुए। महेश बाढई को सोता देख आरोपियों ने चादर से उसका गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन महेश बाढई आरोपियों पर भारी पड़ा।

आरोपियों ने इस कारण महेश बाढई को उसी चादर में लपेट दिया और उसके पीठ पर चाकू से वार कर दिया। महेश बाढई नीचे गिर पड़ा। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। पकड़े जाने के डर से रोहित और महेश भाग खड़े हुए।

पुलिसिया पूछताछ में सामने आया सच

पड़ोसियों को देख वह रोने लगी। घटना की जानकारी कलमना थाने पहुंची। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महेश बाढई को शासकीय अस्पताल भिजवाया। शक की सुई पत्नी पर होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। भेद खुलने पर उसने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी। इसके लिए उसने महेश बाढई की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उसने अपने दोस्त रोहित को उसकी हत्या की 40 हजार रुपए में सुपारी दी थी।

थानेदार विनोद पाटील के मार्गदर्शन में कलमना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने महेश बाढई की हत्या के प्रयास के आरोप में उसकी पत्नी मीनाक्षी बाढई, रोहित गावतुरे और महेश गेडाम को गिरफ्तार कर लिया है।

तीनों पर भारी पड़ा महेश

मीनाक्षी ने आरोपियों को महेश के सोने का समय बता दिया था। इसके साथ ही उसने कमरे का दरवाजा खुला रख दिया था। मीनाक्षी ने घटना की रात करीब 12.30 बजे जब महेश गहरी नींद में सोया हुआ था, तब उसके पास मीनाक्षी, रोहित और महेश गेडाम पहुंचे। तीनों ने उसकी गला घोंटने की पूरी कोशिश, लेकिन जब वह इन तीनों पर भारी पड़ने लगा, तब रोहित ने उसके पीठ में चाकू घोंप दिया। मीनाक्षी के इस कदम से उसके दोनों बच्चे बेसहारा हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here