नागपुर दिनांक 23 ऑगस्ट ( प्रतिनिधी )
बाबा ताजुद्दीन (र.अ.) के 100वें सालाना उर्स पर 25 अगस्त को सुबह 10 बजे ट्रस्ट कार्यालय से शाही दरबारी संदल निकलेगा. संदल ताजाबाद से निकलकर उन मार्गों से गुजरेगा, जहां से बाबा ताजुद्दीन अपने जीवनकाल में गुजरते थे. संदल वापस शाम 6 बजे ताजाबाद पहुंचेगा.
संदल की वापसी के पश्चात ट्रट की ओर से बाबा ताजुद्दीन की मजारे पाक पर चादर व संदल पेश किया जाएगा. बाबा ताजुद्दीन के शाही दरबारी संदल का उत्साह शहरभर में नजर आ रहा है.
कोविड संक्रमण के कारण दो वर्ष बाद ताजाबाद का शाही दरबारी संदल नागपुर की सड़कों से होकर गुजरेगा. साथ ही बाबा ताजुद्दीन का सौंवा उर्स होने से अकीदतमंदों में उत्साह है. हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे खान के नेतृत्व में शाही दरबारी संदल की तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है. संदल के मार्गों से लेकर तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं ताजाबाद शरीफ में की गई है.
ताजाबाद में बाबा ताजुद्दीन का सालाना उर्स जारी है. देशभर से यहां रोजाना ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है. जायरीनों के बैठने के लिए परिसर में जगह-जगह कई बड़े पंडाल, डोम बनाए गए है. श्रद्धालु बाबा की मजार पर चादर व फूल पेश कर अमन व शांति की दुआएं मांग रहे है. मंगलवार को ताजाबाद ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने बाहर से आए श्रद्धालुओं के साथ चादर व फूल पेश कर उन्हें जियारत कराई. इस दौरान ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे खान, जैन समाज के पारस जैन, ट्रस्ट के सचिव ताज अहमद राजा, हाजी फारूख बावला, इमरान खान व अन्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे. बाबा ताजुद्दीन का सालाना उर्स 3 सितंबर तक जारी रहेगा. ताजाबाद में रोजाना लंगर वितरण कार्यक्रम भी जारी है.
गडकरी, फडणवीस, ओवैसी ने दी मुबारकबाद…
बाबा ताजुद्दीन के सालाना उर्स पर देशभर से जायरीन नागपुर पहुंच रहे है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी बाबा ताजुद्दीन के सौंवे उर्स की शुभकामनाएं देते हुए जायरीनों का स्वागत किया. सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का संदेश भी वायरल हो रहा है. वहीं एआईएमआईए के मुखिया सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी आनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से बाबा ताजुद्दीन के सालाना उर्स पर मुबारकबाद पेश की.






