बाइक चुराने के बाद उसका रंग (कलर) बदलकर उसे चलाने वाले नाबालिग (विधि संघर्षग्रस्त) चोर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। नाबालिग चोर से दो दोपहिया वाहन सहित करीब 40 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार एकता नगर, भांडेवाड़ी, पारडी निवासी नंदकिशोर विरुलकर (50) ने तहसील थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
रोकने पर आरोपी भागा, पीछा कर पुलिस ने दबोचा
पीड़ित नंदकिशोर बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता है। 29 जुलाई को वह दोपहिया वाहन (एम.एच.-31-डी.ई.-7542) सीए रोड पर खड़ कर एक होटल में काम करने गया था। इस दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस गश्तीदल को बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक नाबालिग जाते दिखा। पुलिस ने उसे रोका, तो वह भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा और वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह घबरा गया।
पूछताछ में उसने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि, उसने सीए रोड से बाइक चुराने के बाद उसका रंग बदल दिया था। पुलिस ने नाबालिग से बाइक और एक्टिवा, दो वाहन जब्त किए हैं। तहसील की थानेदार तृप्ति सोनवणे के मार्गदर्शन में पुलिस दस्ते ने कार्रवाई की।





