महाराष्ट्र दिनांक 21 जुलाई ( प्रतिनिधी)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कोविड-19 प्रतिबंध हटाते हुए आने वाले त्योहारों के लिए एक बड़ी घोषणा की जिससे जनता इस बार बिना प्रतिबंध के त्योहार मना सकेंगी
महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए त्योहारों पर लगी सभी पाबंदियों को खत्म कर दिया है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा की। कोरोना के चलते महाराष्ट्र में पिछले 2 साल से बड़े-बड़े त्योहार सादगी से मनाए जाते थे, लेकिन इस बार पारंपरिक उत्साह और उल्लास के माहौल में दहीहांडी और गणेश उत्सव मनाया जाएगा.
नई सरकार ने गणेश मंडलों को पंजीकरण शुल्क से छूट देने का भी फैसला किया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गणेशोत्सव और दहीहांडी उत्सव को लेकर पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की. इस बैठक के बाद शिंदे-फडणवीस ने त्योहारों को लेकर लिए गए निर्णय की जानकारी मीडिया को दी।
हटाई गई गणपति प्रतिमा की ऊंचाई सीमा
कोरोना की पाबंदियों को देखते हुए गणपति प्रतिमाओं की ऊंचाई की सीमा तय की गई थी, लेकिन अब राज्य सरकार ने गणपति प्रतिमा की ऊंचाई पर लगाई गई सीमा को हटा दिया है. ऐसे में इस बार गणपति पंडाल में गणेश जी की भव्य प्रतिमाएं देखने को मिलेंगी.
अनुमति के लिए सिंगल विंडो योजना
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों की सुविधा को देखते हुए सभी सरकारी परमिटों के लिए सिंगल विंडो और ऑनलाइन अनुमति का प्रावधान किया है. अब गणेशोत्सव मंडलों को आवश्यक अनुमति के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।






