Tokyo Olympic 2020:टोक्यो में चल रहे ओलंपिक मुकाबलों में भारत का दूसरा मेडल पक्का हो गया है और यह कर दिखाया है बॉक्सिंग की खिलाड़ी लवलीना बोर्गोहेन ने
इस मुक्केबाज ने शुक्रवार को (64-69 किलो भारवर्ग) में चीनी ताइपे की नीन-चिन चेन (Nien-Chin Chen) को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. लवलीना अब सेमीफाइनल मुकाबले में तुर्की की बुसेनाज सुरमेनेली (Busenaz Sürmeneli) के खिलाफ रिंग में उतरेंगी.
हालांकि अभी मेडल का रंग तय नहीं हुआ है लेकिन उनके पास इसे गोल्ड में बदलने का भी मौका है. इस क्वॉर्टर फाइनल मैच की बात करें तो शुरुआत से ही लवलीना ने इस मैच पर अपनी पकड़ कस ली और चीनी ताईपे की मुक्केबाज पर मौके बनाते हुए अच्छे पंच लगाए. इस मुकाबले में उन्हें उनके लंबे कद का फायदा भी मिल रहा था. असम की इस 23 वर्षीय मुक्केबाज की मेहनत भारत के लिए ओलंपिक खेलों में शानदार खुशियां लेकर आई है. भारत को पिछले 7 दिन से ही अपने दूसरे मेडल का इंतजार था.





