महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार, अनिल देशमुख के महाराष्ट्र स्थित 12 ठिकानों पर CBI ने छापेमारी की है।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में देशमुख के नागपुर जिले में दो निवास स्थानों पर छापेमारी की थी। ईडी कथित तौर पर करोड़ों रुपये के घूस एवं वसूली गिरोह मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच कर रही है। साथ ही ED ने देशमुख और उनके परिवार की 4.20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है।
इस मामले के चलते देशमुख को इस साल अप्रैल में गृह मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। केंद्रीय एजेंसी ने हाल ही में देशमुख के निजी सचिव संजीव पलांडे (51) और निजी सहायक कुंदन शिंदे (45) को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उसने इन दोनों और NCP नेता के मुंबई तथा नागपुर में स्थित आवासों पर छापे मारे थे। ईडी ने मामले में पूछताछ के लिए देशमुख को सम्मन भेजे थे, लेकिन वह पेश नहीं हुए।






