नागपूर दिनांक 29 जून ( शहर प्रतिनिधी)
अतिक्रमण के खिलाफ मनपा ने और सख्त रवैया अपनाया है। 28 जून से शहर में अतिक्रमण निर्मूलन की बेधड़क कार्रवाई शुरू की गई। विशेष यह कि, इस दौरान जब्त सामान 30 दिन तक मनपा की कस्टडी में रहेगा। उसे कोई छुड़ा नहीं सकेगा। मनपा आयुक्त व प्रशासक राधाकृष्णन बी. ने सभी जोन के सहायक आयुक्तों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
पुलिस व मनपा के जवान करेंगे मदद :
शहर में बढ़ता अतिक्रमण और उससे नागरिकों को होने वाली परेशानी, यातायात, पार्किंग समस्या, अस्वच्छता संदर्भ में बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसे मनपा आयुक्त ने गंभीरता से िलया है।
शहर में फुटपाथ, रास्ते और वहां अतिक्रमण करने वाले हाथठेले, दुकान, दुकानों के सामान व अन्य प्रकार के अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती करने के निर्देश सभी सहायक आयुक्तों को दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन और न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वॉड के जवानों की सहायता से यह कार्रवाई की जाएगी।
शहर के फुटपाथ और रास्ते अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए यह विशेष कार्रवाई की जाएगी। विशेष यह कि, अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हाथठेले व अन्य सभी प्रकार के सामान मनपा जब्त करेगी। जब्त सामान 30 दिन तक दिए नहीं जाएंगे। इसके बाद जब्त सामान दंडात्मक कार्रवाई सहित संबंधित अतिक्रमणधारक को वापस देना है या नहीं? इसका निर्णय अतिक्रमण उपायुक्त को रहेगा।
कचरे के ढेर भी हटाए जाएंगे
बैठक में आयुक्त राधाकृष्णन बी. ने कहा कि, स्वच्छ व संुदर नागपुर शहर की पहचान कायम रहे, शहर का विद्रुपीकरण न हो, इस दृष्टि से उक्त मुहिम शुरू की गई है। शहर में कचरे के ढेर हटाएंगे और वे दोबारा तैयार नहीं हो, इस दृष्टि से सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।






