नागपूर दिनांक 28 जून ( महानगर प्रतिनिधी)
दो आरोपियों ने एक महिला से कहा कि “आप मेरी मां जैसी हो’ हम पढ़े लिखे नहीं हैं, ये नोटों का बंडल गिन दो। महिला उनके झांसे में आकर अपनी थैली उन्हें पकड़ा दी। थैली मिलते ही दोनों आरोपी करीब 25 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिला माया सूरज रामटेके की शिकायत पर बजाज नगर पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नया बाबुलखेड़ा अजनी निवासी माया सूरज रामटेके (50) ने बजाज नगर थाने में ठगी की शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वो सुरेंद्रनगर गार्डन के पास से पैदल घर की ओर जा रही थी। इस दौरान दो अज्ञात युवक उन्हें मिले।
दोनों ने पहले उनसे भंडारा जाने का रास्ता पूछा। फिर दाेनों ने नोट का बंडल दिखाते हुए कहा कि यह पैसे गिनकर दे दो तुम मेरी मां जैसी हो हम अशिक्षित हैं। हमें पैसे गिनने नहीं आते हैं। माया उन दोनों के बहकावे में आ गई। दोनों आरोपियों ने माया से कहा कि तुम रुपए जब तक गिनकर दोगी, तब तक तुम्हारी थैली पकड़कर रखते हैं।
माया की थैली मिलते ही दोनों आरोपी फरार हो गए। माया ने घटना के बाद बजाज नगर थाने में पहुंचकर शिकायत की।






