नागपूर दिनांक 27 जून ( महानगर प्रतिनिधी)
गोंडवाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री को बिस्कुट खिलाकर अज्ञात आरोपी ने उसके बैग व मोबाइल पर हाथ साफ कर लिया। जहर खुरानी के इस मामले में रेसुब के अधिकारियों की सजगता से यात्री की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक तुमसर रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस की जांच के दौरान रेसुब के प्रभारी उप-निरीक्षक व उनकी टीम को एक यात्री ट्रेन में बेहोश अवस्था में नजर आया।
रेसुब की टीम ने तत्काल एम्बुलेंस से अचेत व्यक्ति को तुमसर रोड स्थित शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान डाक्टरों ने पीड़ित को नशीला पदार्थ खिलाए जाने की जानकारी दी।
उपचार के बाद पीड़ित अंकित पंजाब सिंह ने बताया कि वह शामली जिले के कैल शिकारपुर गांव का रहने वाला है और निजामुद्दीन से राजनांदगांव जा रहा था। ट्रेन में सवार अज्ञात सहयात्री ने ललीतपुर रेलवे स्टेशन के पास उसे खाने के लिए बिस्कुट दिए जिसके बाद वह बेहोश हो गया। रेसुब की टीम ने घटना की सूचना अंकित सिंह के परिजनों की दी है।






