नागपूर दिनांक 16 जून ( प्रतिनिधी)
लक्ष्मी नगर जोन अंतर्गत त्रिमूर्ति चौक में फुटपाथ पर चिकन, मटन की दुकानें लगाकर गंदगी कर रहे 6 दुकानों का मनपा प्रवर्तन विभाग की टीम ने अतिक्रमण हटा दिया। दुकान लगाकर फुटपाथ कब्जा किया था, वहीं बदबू से नागरिक परेशान थे। अतिक्रमण हटाकर पूरा सामान जब्त किया गया।
दुकानदारों के विरोध करने पर तनाव होने की आशंका के चलते पहले से तगड़ा पुलिस बंदोबस्त किया गया था। बजाज नगर थाने की पुलिस के संरक्षण में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
2 दिन की मोहलत :
नेहरू नगर जोन में हरेकृष्ण अपार्टमेंट प्लॉट नंबर 11 पर रेखा पडोले समेत अन्य 10 लोगों ने अवैध निर्माण किया था। सभी को महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगर रचना अधिनियम अंतर्गत नोटिस तामिल कर कार्रवाई की गई। अवैध निर्माण की 2 खिड़कियां, 3 जाली व दीवार तोड़कर अन्य निर्माणकार्य हटाने के लिए 2 दिन की मोहलत देकर छोड़ दिया गया।
धरमपेठ जोन अंतर्गत आकाशवाणी चौक से जिलाधिकारी कार्यालय मार्ग तथा वीआईपी रोड पर अतिक्रमण कार्रवाई कर ठेले और दुकानें हटाई गई।






