भारत दिनांक 2 जून ( प्रतिनिधी)
भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार के साथ ही देश के 18 राज्यों में बीजेपी या बीजेपी शासित गठबंधन की सरकार है. बीजेपी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है. ऐसे में जब चंदे की बात आती है, तो बीजेपी इसमें कैसे पीछे रहेगा.
बीते साल यानी 2020-21 में बीजेपी को 477 करोड़ से ज्यादा चंदा मिला है लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सौ करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस को 2020-21 में सिर्फ 74.50 करोड़ का चंदा मिला है. इससे समझा जा सकता है कि चंदे के मामले में भी कांग्रेस कितना पिछड़ता हुआ दिख रहा है.
31 क्षेत्रीय दलों की आमदनी 529 करोड़
कुछ दिन पहले ही एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म यानी एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 31 क्षेत्रीय दलों को 2020-21 में 529.416 करोड़ रुपये का चंदा मिला है लेकिन इन दलों ने इसी वित्त वर्ष में 414.028 करोड़ रुपये खर्च भी कर दिए हैं.
एडीआर के मुताबिक इन 414 करोड़ रुपयों में से सबसे ज्यादा द्रमुक ने खर्च किए. द्रमुक पार्टी ने 2020-21 में 218.49 करोड़ रुपये खर्च किए जबकि तेलुगु देशम पार्टी ने 54.769 करोड़ रुपये, अन्नाद्रमुक ने 42.37 करोड़ रुपये, जेडीयू ने 24.35 करोड़ रुपये और टीआरएस 22.35 करोड़ रुपये खर्च किए.
रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान 31 पार्टियों में से 29 की कुल आय वित्त वर्ष 2019-20 में 800.26 करोड़ रुपये से घटकर वित्त वर्ष 2020-21 में 520.492 करोड़ रुपये हो गई है.






