नागपूर दिनांक 11 मई ( प्रतिनिधी)
गिट्टीखदान में मकान की छत पर सूखे कपड़े उतारने गई 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी आदित्य धनराज नरेश शाहू (28) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर गिट्टीखदान थाने में धारा 376, 506(ब) व सहधारा 4, 6, 8 पोक्सो के तहत मामला दर्ज है। आरोपी आदित्य धनराज शाहू एयरफोर्स में कॉरपोरल है। जानकारों के अनुसार, कारपोरल एक सैन्य रैंक है।
पड़ोस की बिल्डिंग से कूदकर गया :
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य धनराज शाहू ने गिट्टीखदान में एक किशोरी से दोपहर करीब 2 से 3 बजे के दरमियान मकान की छत पर जबरन दुष्कर्म किया। बालिका मकान की छत पर सूखे कपड़े उतारने गई थी।आरोपी पड़ोस की बिल्डिंग से कूदकर गया और दुष्कृृत्य किया।
घटना के बाद किसी काे कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। दर्द असहनीय होने पर बालिका ने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने घटना के दिन शाम करीब 7.30 बजे गिट्टीखदान थाने में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने आरोपी आदित्य धनराज शाहू पर दुष्कर्म व पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह चंडीगढ़ में एयरफोर्स में है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है।
दो दिन बाद थी शादी :
आरोपी आदित्य धनराज की 12 मई को शादी हाेने वाली थी। वह एयरफोर्स से छुट्टी लेकर नागपुर आया था। घर के लोग उसकी शादी की शहनाई बजाने की तैयारी में लगे थे, लेकिन अब उसके हाथों में हथकड़ी है।






