महाराष्ट्र दिनांक 2 मई ( प्रतिनिधी)
महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार को जेल से अस्पताल ले जाया गया. जानकारी के मुताबिक, नवाब मलिक की हालत तीन दिन से खराब थी. उन्होंने स्पेशल कोर्ट के समक्ष मेडिकल ग्राउंड पर जमानत की याचिका दाखिल कर रखी है.
प्रवर्तन निदेशालय को उनकी बेल एप्लीकेशन पर मुंबई की स्पेशल कोर्ट में आज ही अपना जवाब दाखिल करना था. इसी बीच नवाब मलिक की हालत बिगड़ गई.उनके वकील ने कहा कि मलिक पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उनकी हालत बिगड़ने के बाद स्ट्रेचर के जरिये उन्हें आर्थर रोड जेल से जेजे हास्पिटल ले जाया गया.
हालांकि ईडी ने पूछा है कि अगर महाराष्ट्र के मंत्री की हालत खराब थी तो जांच एजेंसी को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई. इस पर ईडी ने अगली तारीख पर सुनवाई की मांग की. लेकिन कोर्ट ने कहा कि आरोपी का स्वास्थ्य ज्यादा महत्वपूर्ण है. ऐसे में आगे भी सुनवाई जारी रहेगी.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने नवाब मलिक की तत्काल रिहाई की याचिका को खारिज कर दिया है. दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार मलिक की याचिका खारिज करते हुए कोर्ट ने कहा था कि वो अभी दखल नहीं देंगे. वो जमानत के लिए अर्जी दाखिल कर सकते हैं.
पीठ ने कहा कि जांच के इस चरण में हम मामले में दखल देने के इच्छुक नहीं है. हम इस स्तर पर हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं. वहीं नवाब मलिक की जेल हिरासत भी 6 मई तक के लिए बढ़ गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हाईकोर्ट की टिप्पणियां केवल इस तक सीमित हैं कि अंतरिम राहत दी जानी थी या नहीं. ये कानून में उपलब्ध उपचारों का सहारा लेने के रास्ते में नहीं आएगा.






