भारत दिनांक 29 मार्च (प्रतिनिधी)
आईएएस टीना डाबी एक बार फिर चर्चा में हैं। वह दोबारा शादी करने जा रही है। उन्होंने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी है और अपने होने वाले पति के साथ फोटो शेयर की है।
टीना डाबी राजस्थान कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और साल 2016 बैच की UPSC टॉपर हैं। वह साल 2013 बैच के आईएएस प्रदीप गवांडे से शादी करने जा रही हैं। टीना ने प्रदीप के साथ अपनी फोटो को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर किया और लिखा कि ‘जो मुस्कान तुम दे रहे हो, उसे पहन रही हूं।’
गौरतलब है कि टीना ने साल 2018 में यूपीएससी 2016 के सेकंड टॉपर अतहर खान से शादी की थी। ट्रेनिंग के दौरान टीना और अतहर को एक-दूसरे से प्यार हुआ और उन्होंने शादी कर ली। इस शादी ने उस दौरान काफी सुर्खियां बटोरीं लेकिन ये शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और 2 साल बाद साल 2020 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
शादी के वक्त अतहर खान राजस्थान में ही पोस्टेड थे, लेकिन तलाक के बाद वह जम्मू कश्मीर कैडर लेकर अपने गृह राज्य चले गए। वहीं टीना मूल रूप से दिल्ली की निवासी हैं। हालही में टीना की बहन रिया ने भी यूपीएससी की परीक्षा पास की थी। वह महज 23 साल की उम्र में इस कठिन परीक्षा को पास करने वाली सबसे कम उम्र की कैंडीडेट हैं।
प्रदीप ने अपने बारे में खुद जानकारी दी है। वह राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वह मेडिकल क्षेत्र से भी जुड़े हैं। फिलहाल वह ऑर्कियोलोजी एंड म्यूजियम्स राजस्थान में डायरेक्टर हैं। प्रदीप और टीना डाबी की उम्र के फासले की बात करें तो यह 13 साल है। जी हां प्रदीप टीना से 13 साल बड़े हैं। टीना डाबी का जन्म 9 नवंबर 1993 को हुआ था
22 अप्रैल को शादी
टीना डाबी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस बात की जानकारी दी कि वह प्रदीप गवांडे के साथ सगाई के बंधन में बंध गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार टीना और प्रदीप अगले महीने 22 अप्रैल को शाम 7 बजे एक निजी होटल में शादी करने जा रहे हैं।






