भारत दिनांक 14 जनवरी (प्रतिनिधि)
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि कोरोना संक्रमण नियंत्रण के लिए बंदिशें लगाते समय अर्थव्यवस्था और आम लोगों की आजीविका पर भी गौर करना होगा।
लोगों की आजीविका का भी रखें ख्याल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमारे पास लड़ाई का दो साल का अनुभव है। महामारी के खिलाफ हमारी तैयारी भी है। ऐसे में हमें कोरोना से लड़ाई में एक महत्वपूर्ण बात का ध्यान रखना होगा। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों को सलाह दी कि वे कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कोई भी रणनीति बनाते समय ध्यान रखें कि लोगों की आजीविका और आर्थिक गतिविधियों को कम से कम नुकसान पहुंचे। साथ ही अर्थव्यवस्था की रफ्तार भी बरकरार रहे।
…ताकि पैनिक ना फैले
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के अन्य वैरिएंट के मुकाबले ओमिक्रोन तेजी से फैल रहा है। देश के वैज्ञानिक और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ इस वैरिएंट के दुष्प्रभावों का लगातार आकलन कर रहे हैं। इससे यह बात तो साफ है कि हमें सतर्क रहना है। पैनिक ना फैले हमें इसको भी ध्यान रखना होगा।
मुस्तैदी में कमी नहीं आए
राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेस के जरिए संवाद के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले त्योहारों के मौसम के मद्देनजर लोगों के साथ ही प्रशासन की भी मुस्तैदी में कमी नहीं आनी चाहिए। कोविड-19 संक्रमण को हम जितना सीमित रख पाएंगे समस्याएं उतनी ही कम होंगी।
आने वाले वैरिएंट को लेकर भी रखें तैयारियां
कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में सरकार की तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओमिक्रोन से लड़ने के अलावा देश को भविष्य में आने वाले कोरोना के अन्य वैरिएंट से निपटने के लिए भी तैयार रहने की जरूरत है।
स्थानीय स्तर पर हो फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि महामारी को काबू में करने के लिए हमें स्थानीय स्तर पर ज्यादा ध्यान देना होगा। जहां से संक्रमण के अधिक मामले आ रहे हैं… वहां जांच हो, यह सुनिश्चित करना पड़ेगा। इसके अलावा हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा होम आइसोलेशन में भी ज्यादा से ज्यादा इलाज हो।
होम आइसोलेशन से जुड़े दिशानिर्देशों की होती रहे समीक्षा
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों को सलाह दी कि होम आइसोलेशन से जुड़े दिशानिर्देशों को सरकारें जारी करती रहें। साथ ही इसमें समय समय पर सुधार भी करें। इस दौरान टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट की व्यवस्था जितनी बेहतर होगी अस्पतालों पर बोझ उतना ही कम बढ़ेगा।
कोरोना महामारी से विजयी होंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- हम भारत के 130 करोड़ लोग, अपने सामूहिक प्रयासों से निश्चित रूप से कोरोना महामारी से विजयी होंगे। रही बात ओमिक्रोन की तो इसके बारे में प्रारंभिक तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। यह वैरिएंट सामान्य आबादी को पिछले वाले वैरिएंट की तुलना में कई गुना तेजी से संक्रमित कर रहा है।
हर घर दस्तक अभियान तेज करने की सलाह
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- आज राज्यों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों को ‘प्रीकाशन डोज’ जितनी जल्द लगेगी उतना ही हमारे हेल्थ केयर सिस्टम का सामर्थ्य बढ़ेगा। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए हर घर दस्तक अभियान को हमें और तेज करना है।






