भारत दिनांक 9 जनवरी ( प्रतिनिधि)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं. पीएम मोदी की यह अहम बैठक ऐसे समय में हो रही है, जबकि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,59,632 नए मामले सामने आए, जो पिछले 224 दिन में सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 हो गई है, जो करीब 197 दिन में सर्वाधिक है.
इससे पहले पिछले साल 29 मई को संक्रमण के 1,65,553 मामले सामने आए थे. देश में पिछले 24 घंटे में 327 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,83,790 हो गई है.
भारत में ओमिक्रॉन स्वरूप से संक्रमण के 552 नए मामले सामने आने के बाद देश के 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के इस स्वरूप से अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,623 हो गई है.
पीएम मोदी ने आखिरी बार 24 दिसंबर को कोविड-19 को लेकर एक बैठक की थी, जिसमें उन्होंने अधिकारियों से ‘सतर्क’ और ‘सावधान’ रहने का आग्रह किया था क्योंकि भारत संक्रमण की तीसरी लहर को रोकने की कोशिश में जुटा था. पीएम ने कहा था, “नए संस्करण के मद्देनजर, हमें ‘सतर्क’ और ‘सावधान’ रहना चाहिए. महामारी के खिलाफ लड़ाई खत्म नहीं हुई है और आज भी कोविड-19 सुरक्षित व्यवहार के निरंतर पालन की आवश्यकता सर्वोपरि है.






