नागपूर दिनांक 7 दिसंबर ( प्रतिनिधी)
मोबाइल बेचने के बहाने 1 युवक ने दूकानदार से मिलीभगत कर एक व्यापारी को 10 लाख रुपये की चपत लगा दी. एमआईडीसी पुलिस ने लोकमान्यनगर निवासी प्रवीण श्यामसुंदर मूंदड़ा (41) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
आरोपियों में विशाल चौधरी और आशीष गौरखेड़े का समावेश है. प्रवीण हिंगना रोड के बालाजीनगर इलाके में तृप्ती इंटरप्राइजेस नामक दूकान चलाते हैं.
पिछले 5 वर्षों से उनका व्यवहार सतनाम इंटरप्राइजेस से चल रहा था. सतनाम इंटरप्राइजेस में काम करने वाला विशाल चौधरी ही माल लेकर जाता था और पैसे लाकर देता था.
अप्रैल में प्रवीण ने विवो कंपनी की डीलरशिप ली. विशाल ने उन्हें भरोसे में लिया और हाथों-हाथ मोबाइल बेचकर पैसे लाने का झांसा दिया. 5 से 28 मई के बीच वह अलग-अलग मॉडल के 80 फोन बेचने ले गया.
1 महीने के भीतर रकम अदा करने का वादा किया था. जब प्रवीण ने मोबाइल के 10 लाख रुपये मांगे तो टालमटोल करने लगा.
वाड़ी के मोबाइल दूकानदार आशीष गौरखेड़े को माल देने की जानकारी दी. आशीष ने बताया कि सभी फोन उसकी दूकान पर रखे हैं लेकिन असल में दोनों आरोपी बिना बिल के ही नये मोबाइल बेच चुके थे.
प्रवीण ने पुलिस से शिकायत की. मामले की जांच जारी है.






