नागपूर दिनांक 11 नवंबर ( प्रतिनिधी)
कर्ज चुकाने का झांसा देकर एक युवक ने विवाहित महिला को जाल में फंसाया. अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाता रहा.
39 वर्षीय पीड़ित महिला ने हुड़केश्वर पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने विज्ञाननगर निवासी अभिषेक मुन्नालाल गुप्ता (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया.
पीड़ित महिला और उसका पति अपने घर में किराना दूकान चलाते हैं. अभिषेक निजी कंपनी में सेल्समैन का काम करता है. इस वजह से उसका महिला की दूकान पर आना-जाना था. उसने पहले महिला से दोस्ती बढ़ाई.
महिला को विश्वास दिलाया कि वह बैंक से लिया गया सारा कर्ज लौटा देगा. महिला भी उसके झांसे में आ गई और दोनों के प्रेम संबंध बन गए. इसी दौरान अभिषेक ने महिला के अश्लील फोटो खींच लिए.
फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा. पीड़िता के पति को भी इसकी जानकारी थी. दोनों में विवाद होने लगे. घटना की शाम अभिषेक महिला के घर गया. दोनों का जमकर विवाद हुआ. अभिषेक ने चाकू से महिला की गर्दन पर हमला किया लेकिन वार चूक गया. सोने की चेन और पर्स से 1500 रुपये निकालकर अभिषेक फरार हो गया.
पीड़ित महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने हत्या का प्रयास, लूटपाट, दुष्कर्म और छेड़खानी सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया.






