नागपूर दिनांक 14 ऑक्टोबर ( प्रतिनिधी)
ओल्ड कामठी थाना क्षेत्र में एक युवक ने परिसर में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़खानी कर उसके अपहरण का प्रयास किया. चीख-पुकार करने पर लोग मदद के लिए दौड़े और आरोपी को दबोच लिया. उसकी जमकर पिटाई हुई और पुलिस के हवाले किया गया.
पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया आरोपी गौरा, झारखंड निवासी कमलेश सुरेश भुया (26) बताया गया. पीड़ित किशोरी 8वीं कक्षा में पढ़ती है.
शाम 7 बजे के दौरान वह किसी काम से जा रही थी. रास्ते में कमलेश ने उसे रुकाया. उसके साथ अश्लील हरकत की. अपहरण करने के उद्देश्य से उसने जबरदस्ती किशोरी के मुंह में सफेद रंग की गोली डालने का प्रयास किया. किशोरी ने उसका डटकर विरोध किया और मदद के लिए आवाज लगाई.
स्थानीय लोग जमा हो गए और कमलेश को घेर लिया. उसकी जमकर धुनाई की गई. घटना की जानकारी मिलते ही ओल्ड कामठी पुलिस मौके पर पहुंची. कमलेश के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
कमलेश ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में धुत था, इसीलिए उसने क्या किया कुछ याद नहीं है. उसने बताया कि वह मजदूरी करने के लिए 7-8 लेबर के साथ झारखंड से नागपुर आया था. एक ठेकेदार उन्हें काम दिलाने वाला था. पुलिस ने उसके साथियों की तलाश करने का प्रयास किया लेकिन कुछ पता नहीं चला.






