भारत दिनांक 16 सितंबर ( प्रतिनिधी )
भारत के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी (Gautam Adani) विश्व के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति (2nd Richest Man) बन गए हैं। फोर्ब्स की The Real Time Billionaires List के मुताबिक, अडानी ने अमेजन के मालिक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) को पछाड़ कर ये खिताब अपने नाम किया है।
अडानी के पास इस समय 155.3 बिलियन डॉलर (करीब 12.39 लाख करोड़) की संपत्ति है। अब लिस्ट में अडानी से आगे सिर्फ एलन मस्क (Elon Musk) हैं, जिनके पास 273.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति है।
अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट के चलते एलन मस्क से लेकर जेफ बेजोस, मार्क जुकरबर्ग और लैरी पेज को तगड़ा झटका लगा।
Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस को एक दिन में $9.8 बिलियन (लगभग ₹80,000 करोड़) का नुकसान हुआ, जबकि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने अपनी संपत्ति में $8.35 बिलियन (लगभग ₹70,000 करोड़) की गिरावट देखी। उस दिन अमेरिका में बढ़ती महंगाई को लेकर एक आंकड़ा जारी किया गया था, जिसके चलते शेयर बाजार में हलचल देखी गई थी।
पिछले महीने ही अडानी बने थे तीसरे सबसे अमीर आदमी
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) ने अगस्त में दुनिया के सबसे अमीर व्यतियों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी दुनिया में तीसरे सबसे अमीर आदमी (3rd Richest Man) बन गए थे। तब उन्होनें फ्रांस के बिजनेस मैन बर्नार्ड अरनॉल्ट (Bernard Arnault) को पछाड़ दिया था।
अडानी के पास उस वक्त 137.4 बिलियन डॉलर(करीब 11 लाख करोड़) की कुल संपत्ति थी। लिस्ट में अडानी से आगे अमेरिका के दो अरबपति एलन मस्क और जेफ बेजोस थे।






