नागपूर दिनांक 31 ऑगस्ट ( शहर प्रतिनिधी)
पुलिस विभाग और अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) ने त्योहार के ठीक पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,900 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया है. बड़े ब्रांड का लेबल लगाकर इन खाद्य तेलों को मार्केट में बेचा जाता था.
लकड़गंज स्थित शंकर ट्रेडिंग कंपनी का संचालक दुरुगकर इससे पहले भी 2 बार जाली कारोबार करते हुए पकड़ाया है. इस बार भी उसका लाइसेंस सोमवार तक सस्पेंड था. मंगलवार को ही सस्पेंशन की अवधि खत्म हुई और पुन: वह जाली कारोबार करते हुए पकड़ा गया.
एफडीए के सहायक आयुक्त अभव देशपांडे ने बताया कि दुरुगकर नियमित रूप से मिलावटी तेल का कारोबार कर रहा है. इसकी सूचना पुलिस विभाग के डीसीपी चिन्मय पंडित को मिली. उन्होंने एफडीए को सूचना दी और मिलकर कार्रवाई की गई. कुल 1,900 किलो माल पकड़ा गया जिसकी कीमत 2.78 लाख रुपये बताई गई. देर शाम तक अधिकारी काम पर लगे थे और माल और लेबल की गिनती कर रहे थे.
कई ब्रांड के लेबल मिले
देशपांडे ने बताया कि कार्रवाई स्थल से फार्च्यून के साथ-साथ कई नामी ब्रांड के लेबल पाए गए. कुछ टिनों में ऊपर से लेबल चिपकाया हुआ भी मिला है. निम्न स्तर के खाद्य तेल को खाली टिन में भरा जाता है और फिर उसमें बड़े ब्रांड्स का लेबल लगा दिया जाता है ताकि अधिक कीमत मिल सके.
उन्होंने कहा कि शहर में और कई व्यापारी भी इस प्रकार का कार्य कर रहे हैं, जल्द ही एक्शन लिया जाएगा. दुरुगकर पर इस बार एफआईआर भी करने की तैयारी एफडीए ने दिखाई है ताकि सबक लेकर अन्य व्यापारी मिलावटी कार्य न करें.






