नागपूर दिनांक 27 ऑगस्ट ( शहर प्रतिनिधी )
फर्जी दस्तावेजों के जरिए एक ठग ने फाइनेंस कंपनी को 6 लाख रुपये का चूना लगा दिया. पुलिस ने बिनाकी मंगलवारी निवासी भूषण रमेश नंदनवार (28) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
आरोपी रामटेकेनगर, बाबुलखेड़ा निवासी आकाश शरद गुप्ता (33) बताया गया. भूषण सेंट्रल एवेन्यू पर स्थित उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक में विजिलेंस अधिकारी हैं.
आकाश ने सितंबर 2020 में कंपनी से लोन लेने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन दिया था. कंपनी ने उसके दस्तावेजों के आधार पर 6 लाख रुपये का लोन जारी कर दिया. जून 2021 में प्रोसेसिंग फीस और इंश्योरेंस की रकम काटने के बाद आकाश के खाते में 5.90 लाख रुपये जमा कर दिए गए. उसने तुरंत ही खाते से दूसरे अकाउंट में रकम ट्रांसफर कर ली.
कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर सेल ने बैंक को जानकारी दी कि आकाश ने कानपुर में रहने वाले आकाश सुशील नामक व्यक्ति के फर्जी दस्तावेज जमा किए हैं, जबकि उसने बैंक से कोई लोन लिया ही नहीं है.
भूषण ने प्रकरण की शिकायत लकड़गंज पुलिस से की. पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.






