नागपूर दिनांक 11 ऑगस्ट ( शहर प्रतिनिधी )
दोस्त की प्रेमिका के पति की हत्या करने के बाद फरार आरोपी गणेशराम राजेश कुर्रे को पारडी पुलिस ने तमिलनाडु के सेलम जिले में एक आरामशीन से धरदबोचा।आरोपी गणेशराम को घटना के करीब 4 माह बाद पारडी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी को नागपुर लाया गया।
आरोपी गणेशराम ने अपने दोस्त अखिलेश मुंडे के साथ मिलकर उसकी प्रेमिका निशा गजभिये के पति धर्मेंद्र नरेश गजभिये (42) की गत 11 अप्रैल 2022 को ओढ़नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसके शव को सीलिंग पंखे से लटकाकर उसे खुदकुशी का मामला बनाने का प्रयास आरोपियों ने किया था। हत्याकांड के बाद पारडी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया।
पूछताछ में उगला था सच
इस दौरान पारडी के वरिष्ठ थानेदार कोटनाके ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तब घटनास्थल को लेकर कई विसंगतियां नजर आईं और शक की सुई उसकी पत्नी के इर्द गिर्द घूमने लगी। धर्मेंद्र की पत्नी निशा को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, तो सच सामने आ गया।
उस समय पुलिस ने आरोपी निशा धर्मेंद्र गजभिये के साथ उसकी बड़ी नाबालिग बेटी, प्रेमी अखिलेश मुंडे व उसके साथी मनोज उर्फे गोलू ओमप्रकाश बावने, एक विधि संघर्ष बालक को धरदबोचा था। प्रेमी का दोस्त गणेशराम राजेश कुर्रे फरार हो गया था।
हत्याकांड के बाद आरोपी गणेशराम कुर्रे फरार हो गया था। वह शहर से करीब 1294 किलोमीटर दूर तमिलनाडु राज्य के सेलम जिले में एक पहाड़ी इलाके में आरामशीन पर काम करता था। आरोपी के बारे में पारडी पुलिस को गुप्त और तकनीकी रूप से जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। धर्मेंद्र गजभिये की हत्याकांड का यह छठवां आरोपी है।





