नागपूर दिनांक 29 जुलाई (महानगर प्रतिनिधी)
कलमना के डिप्टी सिग्नल परिसर में गुरुवार की शाम दर्दनाक घटना सामने आई. प्रशासन की लापरवाही के चलते 12 वर्षीय एक मासूम की मौत हो गई. बताया जाता है कि परिसर में रेलवे अंडरब्रिज बनाने के लिए बड़ा गड्ढा खोदा गया था. तकनीकी परेशानी के चलते यह काम बंद हो गया लेकिन बारिश होते ही यह गड्ढा तालाब में तब्दील हो गया. बच्चा पानी में नहाने चला गया और डूब गया.
इस घटना को लेकर परिसर के नागरिकों में तीव्र रोष है. मृतक पृथ्वी धनीराम मारखंडे बताया गया. पृथ्वी के पिता मजदूरी करते हैं. मां गृहिणी है. डिप्टी सिग्नल की वैरागड़े वाड़ी में करीब 1 वर्ष पहले अंडरब्रिज बनाने का काम शुरू किया गया. कलमना से इतवारी की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के नीचे यह आरयूबी बनना है. यह रास्ता डिप्टी सिग्नल से शांतिनगर को जोड़ने वाला है. बुलडोजर के जरिए यहां गहरा गड्ढा खोदा गया.
कई महीनों से बंद है काम
इसी दौरान गड्ढे में कई सारे केबल दिखाई दिए. ये केबल कहां के और किस विभाग के थे, पता नहीं चला. ऐसे में कुछ दिन बाद काम बंद कर दिया गया. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई महीनों से यहां ठेकेदार ने काम बंद कर रखा है. बारिश का पानी गड्ढे में जमा होने लगा और तालाब का रूप ले लिया. परिसर के बच्चे यहां नहाने लगे.
गुरुवार की शाम 7 बजे के दौरान पृथ्वी अपने 3 दोस्तों के साथ तालाब के किनारे पानी में खेल रहा था. कीचड़ में उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया.
दमकलकर्मी ने निकाला शव
साथियों ने चीख-पुकार करके स्थानीय नागरिकों को जानकारी दी. लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी. खबर मिलते ही कलमना, सुगतनगर, लकड़गंज और गंजीपेठ से दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे. गल डालकर पृथ्वी को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा था.
अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोकने ही वाले थे कि फायरमैन श्रीकृष्ण नरवटे ने गोता लगाकर पृथ्वी का शव बाहर निकाला. परिसर में कोहराम मच गया. नागरिक गुस्से से बौखलाए हुए थे. किसी तरह पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है.






