नागपूर दिनांक 12 जुलाई ( महानगर प्रतिनिधी )
एक लड़की और उसके परिवार ने गर्भवती होने की बात छिपाकर रिश्ता पक्का किया. शादी होने के बाद दूल्हे को पता चला कि पत्नी गर्भवती है. पूछताछ में ब्वॉयफ्रेंड का नाम बताया.
खुद घर से जेवरात लेकर निकल गई और उलटा कौटुंबिक न्यायालय में पति के खिलाफ केस कर खावटी मांगी. इतना ही नहीं पति को कानूनी मामले में फंसाकर खुद दूसरा ब्याह कर लिया.
अब न्यायालय के आदेश के बाद युवती और उसके परिवार वालों के खिलाफ यशोधरानगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. आरोपियों में संतोषीमातानगर, पांढुर्णा निवासी सरिता गणपत काले (28), नंदा गणपत काले (40), प्रवीण वसंतराव सातपुते (35) और सरिता के पूर्व प्रेमी संजय सातपुते (35) का समावेश हैं. योगी अरविंदनगर निवासी रोशन बिंबे (32) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. दिसंबर 2014 में रोशन और सरिता का विवाह हुआ.
3 महीने बाद हुआ खुलासा
3 महीने बाद रोशन को सरिता ने गर्भवती होने की जानकारी दी. जांच में पता चला कि वह 6 माह की गर्भवती है. रोशन के पैरों तले जमीन खिसक गई. पूछताछ करने पर सरिता ने बताया कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा संजय सातपुते का है. संजय के साथ उसके प्रेम संबंध थे. रोशन के परिजन भी सकते में आ गए.
कुछ दिन बाद रोशन और उनकी मां घर से बाहर गए थे. इसी समय सरिता घर से 105 ग्राम सोने के और 50 ग्राम चांदी के गहने लेकर अपने मायके चली गई. दोनों के बीच विवाद भी हुए. इस बीच सरिता ने रोशन के खिलाफ छिंदवाड़ा के फैमिली कोर्ट में केस दायर कर दिया. रोशन से खावटी मांगने लगी.
दूसरे पति से 7 वर्ष की बेटी
प्रकरण अदालत में न्यायप्रविष्ट होने के बावजूद सरिता ने सुनील राऊत नामक व्यक्ति से शादी कर ली. सुनील से सरिता को 7 वर्ष की बेटी भी है. यहां रोशन और उसका परिवार कानूनी केस को लेकर परेशान होता रहा. वहां सरिता ने अपना गर्भपात करवा लिया और दूसरा विवाह भी कर लिया.
रोशन ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ. आखिर न्यायालय में केस दायर किया. अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने आपराधिक षडयंत्र, भृण हत्या, धोखाधड़ी और विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.






