नागपूर दिनांक 11 जुलाई ( शहर प्रतिनिधी)
साइबर अपराधियों ने शहर के एक एडवोकेट के दो बैंक खातों से करीब 1 लाख 9 हजार 978 रुपए आनलाइन ट्रांसफर कर लिए। आरोपी ने एड. भरत व्यास के खाते से कैनेरा बैंक, बंगलुरु व एसबीआई, माजगांव शाखा में ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर किए।
एड. व्यास की शिकायत पर सदर पुलिस ने धारा 419, 420 व सहधारा 66 (सी)(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दो बैंकों से ट्रांसफर हुए रुपए
भरत नगर, अंबाझरी रोड निवासी एड. भरत व्यास (58) दोपहर करीब 2 बजे जब सिविल लाइंस स्थित न्याय मंदिर परिसर में बैठे थे, तब उन्होंने मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड बाबत पूछताछ के लिए गुगल पर ब्ल्यू डार्ट कंपनी के हेल्प लाइन नंबर सर्च किया। नंबर मिलने पर फोन किया। कुछ समय बाद भरत व्यास को अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने एड. भरत को बातचीत के दौरान कुछ दिशा-निर्देश दिए।
पश्चात भरत ने दिशा-निर्देशानुसार एक लिंक पर जाकर ऐनी डेक्स एप डाउनलोड किया। इसके बाद एक लिंक डाउनलोड करते ही अज्ञात फोनकर्ता ने एड. भरत से उनके बैंक संबंधी कुछ जानकारी हासिल कर ली और एड. भरत के एचडीएफसी बैंक खाते से 9,980 रु. व एसबीआई के खाते से 99,998 रु., इस प्रकार अज्ञात आरोपी (साइबर अपराधी) ने कुल 1,09,978 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






