युवक की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या

0
15

नागपूर दिनांक 8 जुलाई ( शहर प्रतिनिधी)

एमआईडीसी थानांतर्गत जयताला रोड पर देर रात एक युवक ने परिसर में रहने वाले शराबी युवक की कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी. हमलावर युवक ने सोते समय ही उसे मौत के घाट उतार दिया और वापस अपने घर जाकर सो गया. सुबह यह घटना सामने आई.

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. मृतक जयताला एसआरपीएफ कैंप रोड निवासी राहुल गुलाबराव खोरगड़े (27) बताया गया. पकड़ा गया आरोपी सतीश उचेबड़गे (25) है.

राहुल पेंटिंग का काम करता था, जबकि सतीश मजदूरी करता है. राहुल ‘भाऊचा धक्का होटल’ के पीछे एक घर में किराये से रहता था. उसकी मां सुनंदा और भाई परिसर में ही अलग रहते हैं. बताया जाता है कि राहुल को शराब की लत थी. वह शराब पीकर किसी के साथ भी विवाद कर लेता था. इन हरकतों के कारण ही वह घर से अलग रहता था.

देता था जान से मारने की धमकी

वह अक्सर सतीश के साथ गालीगलौज करता था और जान से मारने की धमकी देता था. 6 दिन पहले राहुल शराब के नशे में धुत होकर सतीश के घर के सामने गया. गालीगलौज की और उसके घर पर पत्थर भी फेंके. सतीश ने एमआईडीसी पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने राहुल के खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई भी की.

देर रात फिर से राहुल उसके घर पर गया. उस समय सतीश घर पर नहीं था. उसकी मां घर में अकेली थी. उसने काफी देर तक गालीगलौज की और सतीश को मारने की धमकी देकर चला गया. रात में सतीश घर लौटा. भोजन करते समय मां ने राहुल द्वारा घर पर आकर गालीगलौज करने की जानकारी दी.

 

मां ने मृतावस्था में देखा 

सतीश गुस्से से आगबबूला हो गया. रात 12 बजे के दौरान वह कुल्हाड़ी लेकर राहुल के घर पर पहुंचा. उसने सो रहे राहुल के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी. फिर वापस अपने घर जाकर सो गया. दूसरे दिन की सुबह  सुनंदा राहुल के घर पर गई. वह मृतावस्था में दिखाई दिया. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए.

घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची. सतीश से पुराना विवाद होने की जानकारी पुलिस को पहले ही थी लेकिन तब तक वह घर से फरार हो चुका था. आखिर पुलिस ने सतीश को गिरफ्तार कर लिया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here