नागपूर दिनांक 6 जुलाई ( महानगर प्रतिनिधी)
नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया गया। आरोपी के चंगुल से भागने के लिए पीड़िता ने बाथरूम की छत से छलांग लगा दी। जिससे वह घायल हो गई। अंबाझरी थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार िकया गया है।
गंभीर घायल पीड़िता अस्पताल में भर्ती, युवक गिरफ्तार
इंटरव्यू का झांसा देकर पारडी बुलाया :
पीड़ित 24 वर्षीय युवती है। उसे नौकरी की तलाश थी। मोरभवन बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात नीलेश योगेश्वर हेड़ाऊ (24), एमएसईबी कालोनी, भंडारा निवासी से हुई। नीलेश मजदूरी करता है।
उसने पीड़िता को नौकरी दिलाने की हामी भरी थी। नीलेश ने पारडी स्थित एक होटल में रिसेप्शनिस्ट पद के लिए इंटरव्यू होने का झांसा देकर शाम 7 बजे युवती को पारडी बुलाया। युवती तय समय पर वहां पहुंची।
एक कमरे में ले जाकर किया दुराचार :
नीलेश उसे एक पुराने मकान में ले गया और वहां उसने युवती से दुष्कर्म किया। पश्चात युवती ने उसके चंगुल से बचने के लिए बाथरूम की छत पर चढ़ी और वहां से छलांग लगा दी। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस बीच पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रकरण को गंभीरता से लेकर सहायक निरीक्षक बोयने सदल-बल मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में पीड़िता को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। प्रकरण दर्ज कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी नीलेश को देर रात राम नगर चौक में धरदबोचा।






