खापरी – बूटीबोरी सिक्स लेन का अतिक्रमण हटाओ: नितिन गडकरी

0
11

बूटीबोरी/नागपूर दिनांक 26 जून ( प्रतिनिधी)

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खापरी से बूटीबोरी तक बनने वाले सिक्स लेन रोड को आगामी 50 वर्ष की जरूरतों को देखते हुए चौड़ा व गुणवत्तापूर्ण बनाने का निर्देश नेशनल हाईवे के अधिकारियों को दिया. उन्होंने इस संदर्भ में समीक्षा बैठक की. साथ ही निर्देश दिया कि इस 19.68 किमी लंबे हिस्से में सर्विस रोड भी चौड़ा बनाया जाए.

सर्विस रोड में किये गए सारे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करें. नेशनल हाईवे में उपलब्ध जगह पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण का निर्देश भी उन्होंने दिया.

बैठक में दिल्ली के मुख्य महाप्रबंधक असाटी, प्रादेशिक अधिकारी नागपुर राजीव अग्रवाल, अधीक्षक अभियंता वडेटवार, निलेश यावतकर, पुणे के सिनकर व भोपाल के अनसखान भी उपस्थित थे.

खापरी ओवरब्रिज के बाद यह सिक्स लेन हाईवे में 19.68 किमी. कार्य होना है. गडकरी ने कहा कि आगामी 50 वर्षों में स्थिति क्या रहेगी उस हिसाब से रोड का नियोजन किया जाए और दोनों साइड में सर्विस रोड भी चौड़ा बनाया जाए. इसके लिए सारे अतिक्रमणों का सफाया करें.

सर्विस रोड में अच्छे फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने का निर्देश भी उन्होंने दिया. चौराहों का सौंदर्यीकरण और नेशनल हाईवे अधिग्रहित जमीन पर पौधारोपण भी करे.

खाली जमीन का व्यावसायिक विकास

गडकरी ने नेशनल हाईवे की खाली जमीन के व्यावसायिक विकास का निर्देश भी दिया. उन्होंने कहा कि हाईवे के पास करोड़ों रुपयों की खाली जमीन है. इस जमीन का उपयोग विभाग की आय की दृष्टि से करें.

जमीन पर शौचालय, छोटे बच्चों के कक्ष, पेट्रोल पंप, चार्जिंग स्टेशन आदि का निर्माण करें. इससे विभाग को आय होगी और जनता को सुविधा मिलेगी. जिन जमीनों पर अतिक्रमण हो गया है उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई करें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here